विदेश ::: आईसीयू में बाढ़ पीड़ितों का साक्षात्कार लेने पर विवाद
नेपाल में बाढ़ प्रभावित लोगों के अस्पताल में साक्षात्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नेपाल प्रेस परिषद ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यूट्यूब चैनल 'इनसाइड द बंकर' पर प्रसारित कार्यक्रम में बचाए गए लोगों के साक्षात्कार को लेकर आलोचना हुई है। प्रेस परिषद पत्रकारिता के आचार संहिता की जांच कर रही है।

काठमांडू, एजेंसी। नेपाल में बाढ़ से बचाए गए लोगों का अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में साक्षात्कार किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नेपाल प्रेस परिषद ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रेस परिषद के अनुसार, यूट्यूब चैनल ‘इनसाइड द बंकर’ पर एक कार्यक्रम प्रसारित किया गया था। इसमें रसुवा जिले में त्रिशूली-3 ए जलविद्युत परियोजना स्थल से करीब 10 दिन बाद बचाए गए लोगों का साक्षात्कार दिखाया गया। बचाव के बाद इन लोगों को काठमांडू के छाउनी इलाके के एक अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया था। इस साक्षात्कार को यूट्यूबर और पत्रकार सूरज सिंह ठाकुरी तथा उनकी कैमरा टीम ने रिकॉर्ड किया था।
प्रसारण के बाद स्थानीय मीडिया और सामाजिक माध्यमों पर इसकी आलोचना हुई। प्रेस परिषद ने कहा कि वह सामग्री की आगे जांच और निगरानी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पत्रकारों की आचार संहिता का पालन हुआ या नहीं।


