नेपाल से लाई गई 109 करोड़ रुपये की चरस बरामद
दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस ने नेपाल से चरस लाकर तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चार नागरिकों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर 106 किलो चरस बरामद की गई है। बरामद चरस की कीमत 109 करोड़ रुपये है। गिरोह ने वजीराबाद में वितरण केंद्र बनाया था।

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। नेपाल से चरस लाकर देशभर में तस्करी करने वाले गिरोह का दक्षिणी दिल्ली जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्पेशल स्टाफ ने गिरोह से जुड़ी दो महिलाओं समेत नेपाल मूल के चार नागरिकों को गिरफ्तार कर 106 किलो चरस बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद चरस की कीमत करीब 109 करोड़ रुपये है। आरोपी दिल्ली को ट्रांजिट हब बनाकर वजीराबाद में स्टोरेज और डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर चला रहे थे। दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि 29 जून को कोटला मुबारकपुर में छापेमारी कर भरत थापा, गोविंद बुढ़ा और ज्योति पुन मगर को 8.5 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ और तकनीकी जांच में रोशनी मगर का नाम सामने आया। 12 अगस्त को वजीराबाद स्थित उसके ठिकाने पर छापा मारकर 97.6 किलोग्राम चरस, मिक्सिंग मशीन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है。
सोनौली बॉर्डर से करते थे तस्करी
पुलिस के अनुसार, गिरोह सोनौली बॉर्डर के रास्ते चरस दिल्ली मंगाता था। सोशल मीडिया से ऑर्डर लेकर कैश और ऑनलाइन भुगतान लिया जाता था। ऑटो और बाइक से वजीराबाद, मजनूं का टीला समेत पब, बार और होटलों तक माल पहुंचाया जाता था। गिरोह के निशाने पर युवा वर्ग था। पुलिस को नेपाल के बिनमाया और हरि की भी तलाश है। इनमें हरि सप्लायर, जबकि बिनमाया चरस की ढुलाई का इंतजाम करता था।


