कदाचारमुक्त वातावरण में नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 के सफल संचालन की तैयारियां पूरी
-19purn37-नीट परीक्षा को लेकर ब्रीफिंग करते हुए डीएम। पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। 21 जून को जिले के 12 परीक्षा केन्द्रों पर नीट पुर्नपरीक्षा 202

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। 21 जून को जिले के 12 परीक्षा केन्द्रों पर नीट पुर्नपरीक्षा 2026 आयोजित की जायेगी। शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में नीट यूजी पुर्नपरीक्षा के आयोजन की तैयारी पूरी हो चुकी है। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को अपराह्न 1 बजकर 30 मिनट के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। इस संदर्भ में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केन्द्राधीक्षकों को जिला प्रशासन के द्वारा आवश्यक दिशानिर्देश दिया जा चुका है। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के द्वारा ब्रीफिंग के दौरान परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था के संबंध में कहा गया कि कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन के मद्देनजर किसी भी परीक्षार्थी के परीक्षा की गतिविधि की निगरानी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी एवं वीडियो ग्राफी के द्वारा कड़ी निगरानी की जाएगी वही सभी केंद्रों पर बायोमैट्रिक व जैमर के इंतजाम रहेंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थी की सघन फ्रिस्किंग के साथ एडमिट कार्ड के फोटो एवं बॉयोमेट्रिक मिलान करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा केंद्रो पर उम्मीदवारों की उपस्थिति एडमिट कार्ड पर दिए गए समय के अनुसार प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजकर 30 मिनट तक है। जिला साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार कड़ी नजर रख रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह ,भ्रामक तथ्यहीन खबर पाए जाने पर संबधित के विरुद्ध अविलम्ब कड़ी करवाई भी की जाएगी। परीक्षा में प्रतिनियुक्ति सभी संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन को लेकर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस मौके पर अपर समाहर्ता रवि राकेश, आपदा प्रबंधन के सुजय सिंह,अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था राजकुमार गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर पूर्णिया,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे और प्रखंड तथा अनुमंडल एवं क्षेत्रीय पदाधिकारिगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे.
जिला साइबर सेल सोशल मीडिया पर रखेगी कड़ी नजर :
------
जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार पूर्णिया में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा संचालित नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 से संबंधित केद्राधीक्षक, स्टेटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफिंग किया गया। इस दौरान कहा गया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा 21 जून रविवार को आयोजित की जायेगी। इसके निमित्त जिले में 12 परीक्षाकेन्द्र बनाये गये हैं। परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की उपस्थिति एडमिट कार्ड पर दिए गए समय के अनुसार प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजकर 30 मिनट तक होगी। परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों के प्रवेश का अंतिम समय अपराह्न 1 बजकर 30 मिनट तक ही निर्धारित है। 1 बजकर 30 मिनट के बाद परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जायेगा। परीक्षा केंद्र पर तलाशी व बॉयोमैट्रिक जांच का प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजकर 30 मिनट तक होगी। परीक्षा प्रारंभ होने का समय अपराह्न 2 बजे है, जबकि परीक्षा समापन का समय सायं 5 बजकर 15 मिनट तक निर्धारित है। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा के अंदर स्टेशनरी का कोई सामान यथा पाठ्य सामग्री , कागज के टूकड़े, ज्योमैट्री,पेन व पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक के पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन व स्कैनर, मोबाइल फोन, ब्लू-टूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, बेल्ट, पर्स, रंगीन चश्में, हैंडबैग, टोपी, कोई घड़ी, कलाई घड़ी, ब्रेसलेट, कैमरा, कोई जेवर, आभूषण व धातु निर्मित सामान, कोई खाद्य वस्तु भले ही वह खुली हो या डिब्बा बंद, पानी के बोतल, माइक्रो चीप, कैमरा, ब्लू-टूथ उपकरण इत्यादि जैसे संचार उपकरण को छिपाकर कदाचार की आशंका वाला कोई अन्य सामान जैसी सामग्री को लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। जिला साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जायेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक तथ्यहीन खबर पाए जाने पर संबधित के विरुद्ध अविलम्ब कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
परीक्षा के दिन सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश:
-----
परीक्षा के दिन सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में वरीय उप समाहर्ता इंद्रजीत कुमार रहेंगें। समाहरणालय में स्थापित जिला नियत्रण कक्ष भी सक्रिया रहेगा। परीक्षा के कदाचार मुक्त संचालन एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिले के अनुभवी पदाधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों पर सशस्त्र बल के साथ स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्ति किया गया है। साथ ही जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों को जोनल दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। जिले के विधि व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में अपर समाहर्ता रवि राकेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन रहेंगे.


