चार केन्द्रों पर आज होगी नीट की परीक्षा, तैयारी पूरी

हिन्दुस्तान, सोनभद्र
Follow us on Google News
share

सोनभद्र में 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। चार परीक्षा केंद्रों पर कुल 1614 परीक्षार्थी भाग लेंगे। सभी सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं और परीक्षा का संचालन बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से किया जाएगा।

चार केन्द्रों पर आज होगी नीट की परीक्षा, तैयारी पूरी

सोनभद्र, संवाददाता। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की तरफ से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नीट-यूजी परीक्षा के लिए जिले में कुल चार केन्द्र बनाए गए हैं। चारों केन्द्रों पर कुल 1614 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। दोपहर 1.30 बजे के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिले में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, चुर्क में दो परीक्षा केंद्र, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, टैगोर नगर, रॉबर्ट्सगंज में एक तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सिटी कोऑर्डिनेटर एवं पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर के प्राचार्य अंशुमान सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर एनटीए की तरफ से ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं पुलिस विभाग ने भी अलग से एक नोडल अधिकारी नामित किया है। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित संग्रहण एवं परिवहन के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों की पहचान बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से की जाएगी। प्रवेश से पहले दस्तावेजों की जांच, फ्रिस्किंग तथा वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी, जिससे परीक्षा की हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा सके। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।एनटीए ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, निजी पेन, पेंसिल, गॉगल्स को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा में उपयोग के लिए पेन एनटीए की तरफ से परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह को एनटीए द्वारा नामित किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।