ब्रिगेडियर कंदिल ने बढ़ाया कैडेट्स का हौसला
प्रयागराज में एनसीसी के मेधावी कैडेट्स कठिन प्रशिक्षण से गुजर रहे हैं। संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–70 में 378 कैडेट भाग ले रहे हैं। ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कंदिल ने शिविर का निरीक्षण किया और कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने की संभावनाओं की जानकारी दी।
प्रयागराज। वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना संजोए एनसीसी के मेधावी कैडेट्स इन दिनों कठिन प्रशिक्षण से गुजर रहे हैं। कोई सेना में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहा है तो कोई नेतृत्व और अनुशासन की नई सीख हासिल कर रहा है। इसी बीच प्रयागराज में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–70 में ‘सुपर 55’ कैडेट्स का उत्साह देखने को मिला। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के अंतर्गत 16 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से राम दुलारी बच्चू लाल जायसवाल पीजी कॉलेज, नवाबगंज में आयोजित शिविर में 25 स्कूल-कॉलेजों समेत विभिन्न बटालियनों के 378 कैडेट प्रशिक्षण ले रहे हैं। 13 अगस्त को प्रयागराज ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कंदिल ने शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण कर ‘सुपर 55’ कैडेट्स से संवाद किया और उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के अवसरों की जानकारी दी। ‘सुपर 55’ में 30 बालक और 25 बालिकाएं शामिल हैं, जिन्हें एसएसबी परीक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ब्रिगेडियर कंदिल ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उच्च मनोबल की सराहना की।


