डीएसपीएमयू के दो एनसीसी कैडेट राष्ट्रीय स्वास्थ्य-स्वच्छता प्रतियोगिता में अव्वल
रांची के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के दो एनसीसी कैडेटों ने दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैडेट कृष्ण मुरारी प्रजापति और विवेक कुमार ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह सफलता हासिल की, जो प्रेरणास्रोत है।

रांची, विशेष संवाददाता। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के दो एनसीसी कैडेटों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। 19 झारखंड बटालियन एनसीसी के कैडेट कृष्ण मुरारी प्रजापति और विवेक कुमार ने दिल्ली में एक से 11 सितंबर तक हुए ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। देशभर से शामिल 1564 कैडेटों के बीच मिली यह सफलता दोनों कैडेटों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है। दोनों कैडेट ग्रामीण और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। मंगलवार को दोनों ने कुलपति डॉ राजीव मनोहर से शिष्टाचार भेंट कर प्रतियोगिता के अनुभव साझा किए।कुलपति
ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि संघर्षशील पृष्ठभूमि से आनेवाले विद्यार्थियों की सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कैडेटों ने सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के सहयोग, एएनओ कैप्टन गणेश चंद्र बास्के और सीटीओ मनीष साव के मार्गदर्शन को दिया।


