गांजा की खेप उपलब्ध कराने वाले तस्कर को एनसीबी ने किया गिरफ्तार
- रामललित को 48 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर ले गई देहरादून की एनसीबी की

मुजफ्फरपुर, हिप्र। गांजा की खेप पहुंचाने वाले तस्कर बेनीबाद थाना क्षेत्र के भरत नगर निवासी रामललित राय को बुधवार की सुबह नौ बजे नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की देहरादून जोनल यूनिट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर तसब्बुर अली ने उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सीजेएम कोर्ट में पेश किया। उसे देहरादून के विशेष कोर्ट एनडीपीएस एक्ट में पेश करने के लिए तीन दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर देने की सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल की। इसपर सुनवाई के बाद सीजेएम कोर्ट ने उसे देहरादून के विशेष कोर्ट में पेश करने के लिए 48 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले जाने की अनुमति दे दी।
एनसीबी देहरादून जोनल यूनिट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 12 सितंबर को गझियावाला मोहल्ले में एक कबाड़ी गोदाम पर छापेमारी कर 16.600 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। इस दौरान देहरादून के इंदिरानगर गल्जवाड़ी के लक्ष्मण सहनी व दरभंगा के बहादुरपुर थाना के भटानी गांव के दिनेश मुखिया को गिरफ्तार किया था। दिनेश कबाड़ी का काम करता है। पूछताछ में इन दोनों ने गांजा की खेप उपलब्ध कराने वाले के रूप में रामललित राय का नाम बताया था। एनसीबी की जांच में यह बात सामने आई कि गांजा की खेप उपलब्ध कराने के बदले रामललित के बैंक खाते में 11 ट्रांजेक्शन में कुल तीन लाख 63 हजार 701 रुपया भेजे गए थे। कॉल डिटेल्स में भी दोनों के रामललित से बातचीत के साक्ष्य मिले थे। इन साक्ष्यों के मिलने पर एनसीबी देहरादून जोनल यूनिट की टीम ने बेनीबाद थाना की पुलिस के सहयोग से बुधवार की सुबह नौ बजे भरत नगर गांव घर पर छापेमारी की। घर पर मौजूद रामललित राय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रामललित ने दोनों को गांजा की खेप उपलब्ध कराने में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

