केन्द्रीय विद्यालय में इस सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया कल से शुरू
नवादा जिले में केन्द्रीय विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक दाखिला लेने की प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू होगी। विद्यार्थियों को पंजीकरण कराने के लिए आवेदन पत्र भरकर संबंधित दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। आयु सीमा 31 मार्च 2026 के अनुसार तय की गई है।

नवादा जिले में केन्द्रीय विद्यालय में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए अच्छी खबर है। नवादा स्थित कन्हाई इंटर स्कूल में नव स्थापित केंद्रीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली से पांचवीं तक नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को पहले पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया 13 जुलाई सोमवार से शुरू होगी औा 27 जुलाई तक चलेगी। पंजीकरण की प्रक्रिया ऑफलाइन मोड में होगी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय विद्यालय, नवादा के लिए कक्षा पहली से पांचवीं (प्रत्येक में एक-एक सेक्शन) में प्रवेश के लिए ऑफलाइन पंजीकरण 13 जुलाई से प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह10:00 बजे से चार बजे तक किया जाएगा। इच्छुक अभिभावक निर्धारित अवधि में विद्यालय कार्यालय से पंजीकरण प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं तथा पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन-पत्र को सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों के साथ विद्यालय में जमा कर सकते हैं। पंजीकरण प्रपत्र पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया की वेबसाइट से भी प्राप्त किया जा सकता है।
पंजीकरण के लिए आयु सीमा
छह से12 साल के बच्चे नामांकन के लिए कर सकते हैं अप्लाई नामांकन के लिए आयु सीमा 31 मार्च 2026 को आधार मानकर निर्धारित की गई है। इसके अनुसार कक्षा-एक के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष तथा अधिकतम आयु 8 वर्ष से कम, कक्षा-दो के लिए 7 से 9 वर्ष से कम, कक्षा-तीन के लिए 8 से 10 वर्ष से कम, कक्षा-चार के लिए 9 से 11 वर्ष से कम तथा कक्षा-पांच के लिए 10 से 12 वर्ष से कम निर्धारित की गई है। प्राचार्य ने बताया कि सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रवेश दिशानिर्देश 2026-27 के अनुरूप किया जाएगा। प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश केंद्रीय विद्यालय संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
आवेदन की सावधानी
प्राचार्य ने अभिभावकों से आवेदन-पत्र पूरी सावधानी से भरने की अपील की है। यदि आवेदन में कोई गलत अथवा भ्रामक जानकारी पाई जाती है तो प्रवेश प्रक्रिया के किसी भी चरण में आवेदन अथवा प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। केवल पंजीकरण फॉर्म जमा कर देने मात्र से प्रवेश का अधिकार प्राप्त नहीं होगा। प्रवेश केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्धारित नियमों एवं उपलब्ध सीटों के अनुसार ही किया जाएगा। अभिभावक केवल प्राचार्य अथवा प्रवेश प्रभारी द्वारा निर्धारित समय पर बुलाए जाने पर ही विद्यालय आएं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
आवश्यक दस्तावेज़
नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज आवेदन के साथ पूर्ण रूप से भरा हुआ पंजीकरण प्रपत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण-पत्र, सेवा प्रमाण-पत्र (केंद्र/राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए), सत्यापित नवीनतम वेतन पर्ची, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र एवं विगतम सात वर्षों में स्थानांतरण का विवरण, एससी/एसटी/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, बच्चे का आधार कार्ड अथवा आधार नामांकन पर्ची, पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो, रक्त समूह का विवरण तथा दिव्यांग बच्चों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण-पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा। (नवादा से शशि भूषण पाठक)


