दावत-ए-इस्लामी हिंद ने शुरू किया पौधरोपण अभियान
दावत-ए-इस्लामी हिंद के सामाजिक एवं कल्याणकारी प्रकोष्ठ ग्रीन नेचर रिलीफ फाउंडेशन ने पौधारोपण अभियान शुरू किया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करना है। भोजपुर में विभिन्न स्थलों पर पौधे लगाए जाएंगे। सद्दाम अत्तारी ने कहा कि पेड़ मानव जीवन के लिए आवश्यक हैं, और उन्होंने लोगों से पौधों की देखभाल करने की अपील की।

थाना क्षेत्र में दावत-ए-इस्लामी हिंद के सामाजिक एवं कल्याणकारी प्रकोष्ठ ग्रीन नेचर रिलीफ फाउंडेशन के तत्वावधान में देशव्यापी पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण को कम करना और अधिक से अधिक पौधे लगाकर देश को हरा-भरा बनाना है। जीएनआरएफ के जिम्मेदार सद्दाम अत्तारी ने कहा कि अभियान के तहत नगर पंचायत भोजपुर ग्राम पंचायत पीपलसाना सहित स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और सड़कों के किनारे छायादार एवं फलदार पौधे लगाए जाएंगे, साथ ही पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि वे विकसित होकर बड़े वृक्ष बन सकें।उन्होंने कहा कि पेड़ मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की उस हदीस का भी उल्लेख किया, जिसमें पौधारोपण के महत्व पर विशेष बल दिया गया है। इस अवसर पर सद्दाम अत्तारी, राशिद अत्तारी, कारी आलिम अत्तारी, कारी इफ्तेखार रज़ा, रईस भाई सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।


