शामली के समाजसेवियों को राजधानी में मिला नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड
शामली की सामाजिक संस्था समर्पण सेवा ट्रस्ट को लखनऊ में रक्तदान जागरूकता के लिए नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। संस्थापक अमन नामदेव को एक दिन में 200 से अधिक रक्तदान कराने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस से भी सम्मान मिला। कई गणमान्य अतिथियों ने समारोह में भाग लिया।

शामली। सामाजिक संस्था समर्पण सेवा ट्रस्ट को रक्तदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। संस्था के संस्थापक अमन नामदेव को संवेदना-2 अभियान के तहत एक ही दिन में 200 से अधिक यूनिट रक्तदान कराने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड द्वारा भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा समर्पण सेवा ट्रस्ट के डॉ. प्रशांत शर्मा, एडवोकेट सूरज वर्मा और धर्मेंद्र उपाध्याय को भी सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित संवेदना-2 सम्मान समारोह में प्रदेशभर से रक्तदान अभियान चलाने वाली संस्थाओं और रक्तवीरों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अमन नामदेव ने सम्मान का श्रेय समर्पण सेवा ट्रस्ट की पूरी टीम, सहयोगियों और संवेदना-2 अभियान के अंतर्गत रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, राज्य मंत्री वैश्य नटवर गोयल, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।


