मांगों को लेकर तीन ब्लॉकों में मजदूर सभा का प्रदर्शन
गोरखपुर में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के आह्वान पर तीन ब्लॉकों में ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के मुद्दों पर प्रदर्शन हुआ। इसमें राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी योजनाओं के लाभ न मिलने और रोजगार के मुद्दों पर आक्रोश व्यक्त किया।

गोरखपुर। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को जिले के तीन ब्लॉकों चरगांवा, उरुवा बाजार और बासगांव में ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के सवालों को लेकर सत्याग्रह एवं प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया। चरगांवा ब्लॉक पर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राज्य सचिव राजेश साहनी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। इसमें जिला सचिव विनोद भारद्वाज तथा भाकपा-माले की राज्य कमेटी सदस्य मनोरमा चौहान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर शामिल हुए। राज्य सचिव राजेश साहनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें ग्रामीण गरीबों, खेत मजदूरों और मनरेगा मजदूरों के साथ लगातार अन्याय कर रही हैं।
प्रदर्शन का उद्देश्य
जिला सचिव खेग्रामस विनोद भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब मजदूरों को आज भी रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। उरुवा बाजार ब्लॉक पर खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष श्यामाचरण तथा भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य विश्वनाथ के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
सरकारी योजनाओं का लाभ
बासगांव ब्लॉक परिसर में भी खेग्रामस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सत्याग्रह एवं प्रदर्शन किया गया। सत्याग्रह को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव राकेश सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद गरीबों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का दावा तभी सार्थक होगा, जब गांव के गरीब, मजदूर और किसान की जिंदगी में वास्तविक बदलाव दिखाई दे।


