बलिदान का प्रतीक है तिरंगा:मेयर
बेतिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान की धूम देखने को मिली। नगर निगम की मेयर गरिमा देवी सिकारिया के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा शहीद स्मारक पर समाप्त हुई, जहां मेयर ने तिरंगे के महत्व पर जोर दिया। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।

बेतिया,। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान "हर घर तिरंगा" का उत्साह शुक्रवार को बेतिया में चरम पर दिखा। नगर निगम की टीम द्वारा नगर के विभिन्न चौक चौराहों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। निगम की मेयर गरिमा देवी सिकारिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य जागरूकता मार्च निकाला।चंपारण सत्याग्रह के स्मारक हजारीमल धर्मशाला परिसर से निकलकर नगर निगम क्षेत्र में वार्ड 17, 14 और 18 के विभिन्न मुहल्लों से होकर नगर निगम का जत्था शहीद स्मारक में पहुंचा। यात्रा में सिटी मैनेजर अभिषेक कुमार और सहायक अभियंता कृष्णा कुमार सहित दर्जनों अधिकारी, कर्मी और सैकड़ों आम लोग शामिल रहे।
इस दौरान भारत माता की जय" और "हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा" के उद्घोष के साथ यह मार्च शहर के हृदय स्थल लाल बाजार और मीना बाजार के व्यस्त मार्गों से होते हुए गुजरा। बाजार में मौजूद दुकानदारों और आम नागरिकों ने भी इस यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और कई लोग स्वतः ही जुलूस में शामिल हो गए। तिरंगा यात्रा का समापन शहीदों की स्मृति को समर्पित "शहीद स्मारक" पार्क पर किया गया। जहां शहीदों को नमन करने के बाद मेयर ने कहा तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान, बलिदान और एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री का सपना है कि स्वतंत्रता दिवस पर देश के हर घर पर तिरंगा लहराए, ताकि नई पीढ़ी अपने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद रखे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील किया कि अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर शान से तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।


