45 दिन तक लगेंगे खुरपका-मुंहपका के टीके
हरदोई में 22 जुलाई से खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू होगा। यह अभियान 45 दिन तक चलेगा, जिसमें 838000 पशुओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। पशुओं में इस बीमारी के लक्षण होते हैं जैसे पैरों में छाले और बुखार। सरकार का यह कार्यक्रम राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण के अंतर्गत चलाया जा रहा है।

हरदोई। खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ 22 जुलाई से होगा। इसमें 45 दिन तक जिले में पशुओं को टीके लगेंगे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. एके सिंह ने बताया कि जनपद में 22 जुलाई को राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारम्भ किया जाएगा। इस अभियान की अवधि 45 दिन की होगी। यह एक संक्रामक बीमारी है। इस बीमारी से प्रभावित पशुओं में मुख्य लक्षण पैरों में छाले, घाव, मुंह और जीभ में छाले, बुखार रहता है। बीमार पशु खाना-पीना छोड़ देता है। उसे चलने-फिरने में दिक्कत होती है। दुधारू पशुओं में दूध उत्पादन में कमी होती है।
उपयुक्त चिकित्सा न होने पर प्रभावित पशु की मृत्यु भी हो जाती है। इसकी रोकथाम हेतु भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण का अभियान निःशुल्क चलाया जा रहा है।अभियान के अन्तर्गत गठित टीमों द्वारा जनपद में 838000 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम हेतु टीकाकरण पशुपालक के द्वार पर जाकर निःशुल्क किया जाएगा। जनपद में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण हेतु टीमों का गठन किया गया है। ये रोस्टर के अनुसार गांव में पहुंचकर पशुओं में टीकाकरण का कार्य करेंगी। टीकाकरण से एक दिन पूर्व ग्राम प्रधान के माध्यम से ग्राम में पशुओं में टीकाकरण हेतु प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। पशुपालकों को टीकाकरण हेतु जागरूक किया जायेगा। अभियान के अन्तर्गत ग्राम में पशुओं में टीकाकरण के समय संबंधित लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव द्वारा भी सहयोग किया जाएगा। आठ माह से अधिक गाभिन पशु एवं 04 माह से छोटे बच्चों का टीकाकरण नहीं किया जाएगा।


