5 डे वर्किंग वीक जैसी अन्य मांगों को लेकर जिले के सभी सरकारी बैंकों में रहा हड़ताल, कामकाज रहा ठप
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 5-डे वर्किंग वीक को लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल की। सरकारी बैंक बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एटीएम के पैसे खत्म होने से कैश संकट भी उत्पन्न हुआ। बैंक अगले सोमवार को ही खुलेंगे।

रामगढ़, प्रतिनिधि। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने सप्ताह में पांच दिन कार्य प्रणाली (5-डे वर्किंग वीक) को तत्काल लागू करने समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल किया। जिस कारण सरकारी बैंकों के कामकाज पर व्यापक असर पड़ा। जिले के भी सभी सरकारी बैंक की शाखाएं शुक्रवार को बंद रहे। शहर के सुभाष चौक सहित बैंकों के बाहर बैंककर्मियों व अन्य बैंक के स्टाफ ने धरना- प्रदर्शन किया और सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने की बात रखी। रामगढ़ शहर सहित जिले भर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ोदा जैसे अन्य सरकारी बैंक बंद रहे। वहीं कुछ प्राइवेट बैंक खुले रहे। जिस पर हड़ताल कर रहे यूनियन के दर्जनों लोगों ने एचडीएफसी बैंक रामगढ़ की शाखा में घुसकर बैनर-तख्ती के साथ नारा लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया。
विभिन्न मांगों को लेकर किया हड़ताल
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना मुख्य था। यूनियनों का कहना है कि सरकार ने सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन बैंक खोलने और शनिवार-रविवार पूर्ण अवकाश देने का वादा किया था, जिसे अब लागू किया जाना चाहिए। इसके अलावा शनिवार की छुट्टी के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना कामकाज का समय 40 मिनट बढ़ाने के प्रस्ताव का भी विरोध किया जा रहा है। यूनियनों ने नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) स्कीम को वापस लेने सहित अन्य लंबित मांगो पर जल्द फैसला लेने की बात कर विरोध किया।
आम लोगों को हुई भारी परेशानी
सरकारी बैंक बंद होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे से ही बैंकों के बाहर लोगों की भीड़ बैंकों से सम्बंधित काम के लिए जुटी दिखी। लेकिन बैंक की हड़ताल की सूचना मिलने पर लोग परेशान दिखे, सबसे ज्यादा परेशान दूर-दराज से आने वाले लोग व बुजुर्ग हुए। कई बूढ़े बुजुर्ग पुरुष व महिला जो बैंकों के माध्यम से पैसे निकालते है उनको काफी परेशनी हुई क्योंकि न उनके पास एटीएम है न ही वे ऑनलाइन बैंकिंग करते हैं। वहीं व्यापारी वर्ग भी बैंक हड़ताल के कारण परेशान रहा। हालांकि एटीएम खुले रहने से बहुत हद तक पैसों की निकासी करने वालों को आराम रहा। लेकिन शाम होते होते तक काफी एटीएम से भी पैसे खत्म हो गए। जिस कारण भी कई लोगों को कैश की समस्या झेलनी पड़ी। हड़ताल के कारण कैश जमा करने या निकालने, चेक क्लीयरेंस, पासबुक अपडेट या प्रिंट करने , डिमांड ड्राफ्ट और पे ऑर्डर बनवाने, केवाईसी आदि सेवाएं ठप पड़ गयी।
अब सोमवार को ही खुलेंगे बैंक
शुक्रवार को हड़ताल के कारण देशभर सहित जिले में भी सभी सरकारी बैंक बंद रहे। जिस कारण लोगों को परेशानी हुई। लेकिन यह परेशानी अभी 2 दिन के लिए और बढ़ गई। 12 सितंबर को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं रविवार को आम अवकाश रहती है। जिस कारण बैंक अब सीधे सोमवार को खुलेंगे।


