मधुपुर में बैंककर्मियों ने की हड़ताल
- पांच दिवसीय बैंकिंग और पेंशन सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के तत्वावधान में शुक्रवार को मधुपुर में विभिन्न बैंकों के

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के तत्वावधान में शुक्रवार को मधुपुर में विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल में शामिल हुए। सभी बैंक कर्मी केनरा बैंक शाखा के पास एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की मुख्य मांगें
हड़ताल में शामिल कर्मचारियों ने मुख्य रूप से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, सरकार की एक तरफा और भेदभावपूर्ण पीएलआई व्यवस्था वापस लेने व इसमें यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से संशोधन की मांग की है। संगठन के अनुसार 8 मार्च 2024 को हुए 12 वीं द्विपक्षीय वेतन समझौता, जॉइंट नोट में पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी, लेकिन मामला आज तक लंबित है।
अन्य लंबित मांगें
इसके अलावा बैंक यूनियनों ने पेंशन में सुधार और अद्यतन, सभी पेंशन भोगियों के लिए समान डीए फार्मूला और एनपीएस कर्मचारियों को ओपीएस में आने का विकल्प देने समेत लंबित मांगों के समाधान की मांग की है। मौके पर बैंक अधिकारी संजय कुमार मुर्मू ने कहा कि बैंक कर्मचारी किसी के विरोध में नहीं बल्कि न्याय संगत और समान व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
हड़ताल की चेतावनी
यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 28, 29 और 30 सितंबर को 3 दिवसीय देशव्यापी हड़ताल की जाएगी और उसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। मौके पर अविनाश कुमार वर्मा, ताबिश फरहान, कौशल किशोर, हेमंत यादव, गौतम उपाध्याय, नजमुल होदा, अजित कुमार, संतोष कुमार, विकास चंद्र तिवारी, मुरलीधर समाद, चिन्मय बिस्वाल, शंभू पासवान, फिरोज आलम, मो. रियाजुद्दीन, अमित कुमार, उमेश कुमार, मो. शमशेर, उमेश दास, कुमारी दीपा, मीनाक्षी सिन्हा, नीरजकांत पांडेय सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मी उपस्थित थे।

