बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से ठप रहा कामकाज
शाखाएं बंद मिलने से जरूरी काम के लिए पहुंचे ग्राहकों को हुई परेशानीभरथना। बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते शुक्रवार को नगर की विभिन्न

भरथना,संवाददाता। बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते शुक्रवार को नगर की विभिन्न बैंक शाखाओं में बैंकिंग कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण शाखाओं के गेट बंद रहे। बैंक से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे ग्राहकों को शाखाएं बंद मिलने पर मायूस होकर लौटना पड़ा। सुबह से ही कुछ ग्राहक रुपये जमा करने, निकासी, चेक जमा करने और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए शाखाओं पर पहुंचे, लेकिन हड़ताल के चलते उन्हें सेवाएं नहीं मिल सकीं। कई ग्राहकों ने बताया कि जरूरी बैंकिंग कार्य के लिए उन्हें दोबारा बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ेगा। हड़ताल का असर व्यापारियों और आम ग्राहकों पर भी देखने को मिला।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने विभिन्न मांगों को लेकर 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। इसी के तहत भरथना में भी बैंक कर्मचारियों ने कामकाज से दूरी बनाए रखी। शाखाओं में कर्मचारियों के नहीं पहुंचने से पूरे दिन सामान्य बैंकिंग गतिविधियां ठप रहीं। वहीँ 12 तारीख को द्वितीय शनिवार तथा रविवार को अवकाश होने के चलते ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. हालांकि एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के जरिए कुछ ग्राहकों ने लेन-देन किया, लेकिन जिन कार्यों के लिए बैंक शाखा जाना जरूरी था, वे प्रभावित रहे। हड़ताल के चलते बैंक परिसर में सामान्य दिनों की अपेक्षा सन्नाटा पसरा रहा।


