बैंक कर्मियों के हड़ताल से बैंकिंग कार्य ठप, ग्राहकों की बढी परेशानी
कुमारखंड में ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन और बिहार ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सभी बैंक शुक्रवार को बंद रहे। हड़ताल के कारण आमलोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ नहीं मिला, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह हड़ताल बैंक कर्मियों की दो प्रमुख मांगों के समर्थन में थी।

कुमारखंड। ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन व बिहार ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर देश भर में सभी बैंक शुक्रवार को बंद रहा और बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे। प्रखंड क्षेत्र के सभी बैंक एसबीआई, सीबीआई, बिहार ग्रामीण बैंक की सभी शाखाओं में हड़ताल के कारण बैंकिंग कार्य ठप रहने से आम ग्राहकों को लेन देन, बैंक ड्राफ्ट, नेफ्ट आदि करने से वंचित रहना पडा़। जिससे आमलोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बता दें कि बैंक कर्मी के हड़ताल पर चले जाने से बैंक में ताला लटका रहा और जिन ग्राहकों को पता नहीं था उन्हें बैंक से बैरंग वापस लौटना पड़ा।
बिहार ग्रामीण बैंक रामनगर महेश के बीएम आलोक प्रताप, सीबीआई बेलारी के बीएम आशीष कुमार झा, एसबीआई सिकरहटी के बीएम उदय प्रियदर्शी, कैश आफिसर हिमांशु शेखर झा सहित अन्य बैंकों के कर्मी ने बताया कि एसोशिएशन के आह्वान पर दो सूत्री मांगों पीएलआई एवं सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग कार्य के समर्थन में एक दिवसीय हड़ताल किया गया है। बता दें कि बैंक कर्मी के एक दिन हड़ताल पर रहने के साथ ही शनिवार व रविवार होने के कारण लगातार तीन दिन तक बैंकिंग कार्य बंद रहेंगे।


