बैंक कर्मचारी आज निकालेंगे रैली, एसबीआई सेक्टर-4 में होगी सभा
बोकारो में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 11 सितंबर को पूरी राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक कर्मचारी बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर रैली निकालेंगे और अपनी मांगों को लेकर विशाल सभा करेंगे। प्रमुख मांगों में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव शामिल हैं।

बोकारो, प्रतिनिधि। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों की ओर से शुक्रवार, 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी पूर्ण हड़ताल आयोजित की जाएगी। हड़ताल के समर्थन में बोकारो के बैंक कर्मचारी सेक्टर-4 स्थित बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक कार्यालय के समक्ष एकत्रित होंगे। इसके बाद बैंक कर्मचारियों की ओर से रैली निकाली जाएगी। रैली सेक्टर-4 सिटी सेंटर होते हुए भारतीय स्टेट बैंक, सेक्टर-4 पहुंचेगी, जहां बैंक कर्मचारी विशाल सभा कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से बैंक कर्मचारी केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन से लंबित मांगों को शीघ्र लागू करने की मांग करेंगे।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करना तथा बैंकों में पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) की सहमत संरचना को लागू करना शामिल है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण राष्ट्रव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया गया है। आयोजकों के अनुसार बैंक कर्मचारी सुबह 11:30 बजे बैंक ऑफ इंडिया आंचलिक कार्यालय के समक्ष जुटेंगे। हालांकि कार्यक्रम संबंधी सूचना में सुबह 9 बजे का समय भी दिया गया है। इसके बाद रैली और सभा आयोजित होगी।


