नेशनल यूथ फेस्टिवल : विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में युवाओं की बढ़ेगी भागीदारी
बिहार-झारखंड के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से पंजीकरण की अपील, वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव (नेशनल यूथ फेस्टिवल ) के तहत युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नेशनल...

बिहार-झारखंड के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से पंजीकरण की अपील 20 सितंबर तक माय भारत पोर्टल पर करना होगा आवेदन आरा, निज प्रतिनिधि। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव (नेशनल यूथ फेस्टिवल ) के तहत युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नेशनल यूथ फेस्टिवल: विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 कार्यक्रम को महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य
कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता, प्रतिभा प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार और झारखंड से अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सक्रिय युवाओं, शिक्षण संस्थानों और संबंधित संपर्क क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई है। इसके तहत वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों और अन्य संपर्क क्षेत्रों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
पंजीकरण प्रक्रिया
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार के निर्देश के आलोक में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय एनएसएस समन्वयक डॉ साधना रावत ने युवाओं से इस पोर्टल पर पंजीकरण की अपील की है। युवाओं से माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराने तथा पंजीकरण के बाद आयोजित क्विज में भी सहभागिता करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। आयोजकों की ओर से युवाओं को कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक साथियों तक पहुंचाने और उन्हें सक्रिय रूप से जोड़ने की अपील की गई है। जानकारी के अनुसार पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। संबंधित युवाओं एवं स्वयंसेवकों से इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए अधिकाधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने और राष्ट्रीय युवा महोत्सव (नेशनल यूथ फेस्टिवल ) में उनकी सक्रिय सहभागिता बढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।


