पेट के कीड़ों से मुक्त करने के लिए बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली
राष्ट्रीय स्वास्थ मिशन के अंतर्गत हापुड़ के दीवान पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस का उद्घाटन किया गया। डीएम कविता मीना ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। यह अभियान 1 से 19 वर्ष के सभी बच्चों को पेट के कृमियों से मुक्त करने पर केंद्रित है।

राष्ट्रीय स्वास्थ मिशन उत्तर प्रदेश के अंतर्गत राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस का उद्घाटन समारोह दीवान पब्लिक स्कूल हापुड़ में आयोजित हुआ। इस दौरान डीएम ने स्कूल में पहुंचकर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई। कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति हापुड़ द्वारा किया। इसमें 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोरों को पेट के कीड़ों से मुक्त करने के लिए साल में दो बार एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। डीएम कविता मीना ने स्वयं टेबलेट खाकर इसे प्रीवेंटिव मेडिसिन बताते हुए विद्यार्थियों को दवा खाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेट में हानिकारक कीड़े आदि होने के कारण जो ऊर्जा खान-पान से बच्चों को मिलनी चाहिए, वह उसे पूरी तरह नहीं मिल पाती है।
पेट में मौजूद कीड़े आवश्यक पोषक तत्वों को चूस लेते हैं। जिससे बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास अवरुद्ध हो जाता है। सीएमओ डॉ.किशोर कुमार आहुजा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में एनीमिया कम करना, पोषण स्तर सुधारना एवं उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को बेहतर बनाना है। स्कूल में कक्षा एक से बारहवीं के 1000 विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। विद्यालय की चेयरपर्सन ममता दीवान एवं निदेशक एचएम राउत ने बताया कि पेट में कीड़े होने से बच्चों का विकास प्रभावित होता है। प्रधानाचार्या शुभ्रा अवस्थी ने सभी गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान डॉ.योगेश गुप्ता, डॉ.नवीन, कपिल कंसल, ममता शर्मा, नवेंदु गुप्ता, केबी सिंह, हरिप्रिया फुलोरिया, सुशीला सिंह एवं मनीष यादव का सहयोग रहा।


