ऊर्जा दक्षता अपनाकर उद्योग लागत घटाएं : श्याम सुंदर कपूर
फरीदाबाद में 'एनर्जी एफिशिएंसी' विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 53 उद्यमियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि श्याम सुंदर कपूर ने ऊर्जा बचत को उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने का उपाय बताया। कार्यशाला में बीईई की योजनाओं और उद्योगों में ऊर्जा ऑडिट के महत्व पर चर्चा हुई। कई महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) में ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औद्योगिक संस्था ऑल इंडिया फोरम ऑफ एमएसएमई (आईफोम) द्वारा ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) के सहयोग से फरीदाबाद में ‘एनर्जी एफिशिएंसी’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से 53 उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईफोम के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम सुंदर कपूर ने कहा कि ऊर्जा की बचत केवल खर्च कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने का भी प्रभावी उपाय है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा दक्षता अपनाकर उद्योग उत्पादन लागत में कमी लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यशाला में बीईई के निदेशक पी. श्याम सुंदर ने केंद्र सरकार की ''अदिति'' योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि उद्यमियों से इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) के महाप्रबंधक गिरजा प्रसाद ने योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तृत जानकारी दी। आईफोम के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार चौधरी ने संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। सिडबी के प्रतिनिधि ने एमएसएमई के लिए उपलब्ध वित्तीय योजनाओं और सुविधाओं पर प्रस्तुति दी। अंतरराष्ट्रीय डेयरी वैज्ञानिक एवं आईफोम के निदेशक डॉ. टी.एन. तिवारी ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में ऊर्जा बचत की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि राष्ट्रीय एमएसएमई अवार्ड विजेता डॉ. पी.पी. मित्तल ने उद्योगों में ऊर्जा ऑडिट के महत्व को विस्तार से समझाया। इस अवसर पर आईफोम की कार्यकारिणी सदस्य एवं महिला उद्यमियों साधना गिरी, डॉ. गरिमा गुप्ता और स्वाति निझावन को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर आईफोम के निदेशक नवीन बंसल, निदेशक आरडी वर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।


