शिक्षकों के सम्मान से बढ़ता है शिक्षा का गौरव : डॉ. राजभूषण
रोसड़ा में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने शिक्षकों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि समाज और राष्ट्र को भी मजबूत करते हैं। समारोह में 185 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

रोसड़ा, निज संवाददाता। शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं। वे केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य को दिशा देने का कार्य करते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान और शिक्षा के प्रति सम्मान है। उक्त बातें केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कही। वे रविवार को शहर के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन मुसाय नायक सीता देवी एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से किया गया।
शिक्षकों का योगदान
मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले शिक्षक समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। वहीं बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने और उनके कौशल विकास में शिक्षकों की भूमिका अहम है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन से ही देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
समारोह का उद्घाटन
इससे पूर्व समारोह का उद्घाटन आगत अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। स्थानीय विधायक बीरेन्द्र कुमार, एमएलसी डॉ. तरुण कुमार, बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य सायण कुणाल, पूर्व विधायक सुमन महासेठ एवं पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. शिव शंकर प्रसाद ने भी समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 185 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता देवेन्द्र प्रसाद नायक ने की। कार्यक्रम संयोजक सत्येन्द्र कुमार नायक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर दर्जनों गणमान्य व शिक्षाविद मौजूद थे。


