सरकारी स्कूलों में 28 से 30 अगस्त तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय खेल दिवस
रामगढ़ में 28 से 30 अगस्त तक 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' अभियान के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। स्कूली शिक्षा विभाग ने खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें पुशअप, कबड्डी, खो-खो, स्वास्थ्य जागरूकता रैली आदि शामिल हैं।

रामगढ़, प्रतिनिधि। जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है। इसे लेकर रामगढ़ जिले के शिक्षा पदाधिकारी को पत्र जारी हुआ है। कहा गया है कि 28 अगस्त को पुशअप, स्किपिंग और प्लांक सहित ऊर्जावान चैलेंज, स्पोर्ट्स बंधन, निबंध-स्लोगन प्रतियोगिता तथा छऊ, मार्शल आर्ट और तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन होगा।29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि, मार्च पास्ट, खेल शपथ के साथ विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों के लिए दौड़, कबड्डी, खो-खो, कैरम और चेस प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि शिक्षकों के बीच रस्साकशी और फुटबॉल मैच कराया जाएगा।
30 अगस्त को ‘ संडे न साईकल’ के तहत स्वास्थ्य जागरूकता रैली और विशेष दौड़ आयोजित की जाएगी। विभाग के अनुसार 28 और 30 अगस्त को अवकाश के बावजूद स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे और कार्य करने वाले शिक्षकों को नियमानुसार क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।


