राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ खेलों का आयोजन
बक्सर में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। क्रीड़ा भारती द्वारा विभिन्न खेल आयोजनों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। डॉ. रमेश कुमार ने खेल के महत्व और स्वस्थ जीवन के लिए इसे प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बक्सर, हमारे संवाददाता। हॉकी के महान खिलाड़ी एवं महान राष्ट्रभक्त मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप मनाया जाता है। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती की ओर से जिले के विभिन्न खेल मैदानों एवं स्थलों पर खेलकूद प्रतियोगिता कराया गया। गंगा किनारे स्थित खेल मैदान, सिपाही घाट एवं सेंट्रल जेल रोड में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को शिक्षाविद् सह समाजसेवी एवं क्रीड़ा भारती दक्षिण बिहार प्रांत के मंत्री डॉ. रमेश कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने कहा सभी वर्गों के लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए खेल के मैदान से जोड़ने का कार्य करती है।
खेल के माध्यम से स्वस्थ जीवन के साथ-साथ कैरियर निर्माण के अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल से चरित्र निर्माण एवं चरित्र से राष्ट्र निर्माण करना क्रीड़ा भारती का ध्येय वाक्य है। खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करता, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रभक्ति जैसे गुणों का भी विकास करता है। किला मैदान में फुटबॉल,बाल विकास केंद्र में खो -खो तथा हेरिटेज स्कूल में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। (बक्सर से नवीन पाठक)


