गांवों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं, सही मंच व मार्गदर्शन की जरूरत
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कल्याण विभाग ने लखनऊ में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में टेबल टेनिस और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने भाग लिया। उप निदेशक संजय सिंह ने कहा कि ग्रामीण युवाओं की प्रतिभाओं को सही दिशा में लाने की आवश्यकता है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवा कल्याण विभाग मुख्यालय पर हुई खेल प्रतियोगिताएं लखनऊ, संवाददाता।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा मुख्यालय स्तर पर विशेष खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान टेबल टेनिस व बैडमिंटन सहित कई अन्य खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। विजयी व प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक संजय सिंह ने विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि गांवों और दूरदराज के अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें सही समय पर सही मंच और मार्गदर्शन मिले। युवा कल्याण विभाग ग्रामीण युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तराशना, उनका मार्गदर्शन करना रहा।


