राष्ट्रीय सेमिनार 24 से
तुलसीराम मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार की तैयारियों को लेकर शनिवार को बैठक हुई। सेमिनार का मुख्य विषय 'झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की चुनौतियां और समाधान' है। यह 24 से 26 अक्टूबर तक तुलसी पब्लिक स्कूल, चक्रधरपुर में होगा, जिसमें 22 प्रोफेसर भाग लेंगे।

चक्रधरपुर, संवाददाता। तुलसीराम मेमोरियल एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार की तैयारियों को लेकर शनिवार को तुलसी पब्लिक स्कूल तुलसीनगर रोलाडीह के कॉन्फ्रेंस रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेमिनार को ऑर्डिनेटर सह पूर्व डीन डॉ. एसपी मंडल ने की। बैठक में सेमिनार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ट्रस्ट के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन 24, 25 एवं 26 अक्टूबर को तुलसी पब्लिक स्कूल कैंपस, रोलाडीह, तुलसी नगर, चक्रधरपुर में होगा। सेमिनार का मुख्य विषय “झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की चुनौतियां और समाधान” रखा गया है।
इसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से करीब 22 प्रोफेसर एवं शिक्षाविद शामिल होंगे। सेमिनार में झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की वर्तमान स्थिति, विद्यार्थियों के सामने आने वाली चुनौतियों, शिक्षण व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा शिक्षा को बेहतर बनाने के संभावित समाधानों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। बैठक में अतिथियों के स्वागत, आवास, भोजन, मंच व्यवस्था, पंजीयन, कार्यक्रम संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया गया। बैठक में ट्रस्टी सुकेश कुमार महतो, कीर्ति लता, रोहित प्रजापति, लीना महतो, पबीता महतो, नीमा केराई, रमेश रजक, पुष्पा कुमारी, रीना महतो, अंजना कुमारी, ऊषा सहित ट्रस्ट के कई सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


