विज्ञान मेला में 500 बाल वैज्ञानिको ने दिखाई प्रतिभा
सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में दो दिवसीय ज्ञान-विज्ञान मेला संपन्न हुआ। 500 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान और गणित पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता की सराहना की। छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में आयोजित दो दिवसीय ज्ञान-विज्ञान मेला का मंगलवार को समापन हुआ। इसमें करीब 500 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान व गणित पर आधारित मॉडल, प्रयोग और नवाचार प्रस्तुत किए। 46 निर्णायक वैज्ञानिकों ने प्रदर्शों का निरीक्षण व मूल्यांकन किया। समापन समारोह में सिंफर धनबाद के निदेशक डॉ. एके मिश्रा, आईआईटी-आईएसएम के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. धीरज कुमार, माइनिंग हेड प्रो. सुनील कुमार व प्रो. प्रदीप कुमार साहु मौजूद थे। प्रधानाचार्य अभिमन्यु कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत व नृत्य प्रस्तुत किया। निर्णायकों ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रयोगात्मक क्षमता की सराहना की। डॉ एके मिश्रा ने बच्चों को मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा वैज्ञानिक सोच विकसित करने की सलाह दी।
प्रो. धीरज कुमार ने शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन आचार्य धर्मेंद्र कुमार व रूपा झा ने किया। चयनित विद्यार्थी पांच सितंबर को हजारीबाग के कुम्हारटोली में प्रांतीय विज्ञान मेला तथा गिरिडीह के बरगंडा में प्रांतीय गणित मेला में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। मौके पर श्रवण खेतान, राजेंद्र चौधरी, कमलेश अग्रवाल, हरि प्रसाद अग्रवाल, विक्रम कुमार राजगढ़िया, सुशील चौधरी, अभिषेक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल आदि मौजूद थे।


