आंगनबाड़ी केंद्र पर गोद भराई की रस्म
हिन्दुस्तान, मधुबनी
झंझारपुर में 'सेवा, पोषण और सम्मान राष्ट्रीय संकल्प अभियान' के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। गर्भवती महिला प्रीति कुमारी की गोद भराई के दौरान पोषण संबंधी जानकारी दी गई। सेविकाओं ने गर्भावस्था में संतुलित आहार और स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर दिया।

झंझारपुर, निज प्रतिनिधि। सेवा, पोषण और सम्मान राष्ट्रीय संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीन दिवसीय अभियान के दूसरे दिन आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 163 पर गर्भवती महिला प्रीति कुमारी की गोद भराई की रस्म कराई गई। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका वीणा कुमारी और सहायिका रंजू देवी ने गर्भवती महिला को पोषण संबंधी जानकारी दी और सुरक्षित प्रसव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। गोद भराई के दौरान केंद्र पर मौजूद महिलाओं ने प्रीति कुमारी को शुभकामनाएं दीं। सेविका ने गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी।


