9 से 15 अक्तूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय डाक सप्ताह
मेदिनीनगर में डाक विभाग 9 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाएगा। इसकी शुरुआत विश्व डाक दिवस के साथ होगी। इस वर्ष की थीम 'एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं' है। कार्यक्रमों में डाक टिकट संग्रह, वित्तीय समावेशन, ग्राहक सेवा, और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस शामिल होंगे।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। डाक विभाग, नौ से 15 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाएगा। इसकी शुरुआत नौ अक्तूबर को विश्व डाक दिवस के साथ होगी। विभाग ने इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं रखा है। इसका उद्देश्य लोगों और कारोबारियों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की भूमिका तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उसके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। डाक अधीक्षक संजय कुमार संगम ने बताया कि 9 अक्तूबर को विश्व डाक दिवस, 12 अक्तूबर को डाक टिकट संग्रह दिवस, 13 अक्तूबर को वित्तीय समावेशन एवं ग्राहक सेवा दिवस, 14 अक्तूबर को डाक एवं पार्सल दिवस तथा 15 अक्तूबर को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप नोडल पदाधिकारी बनाए गए। इसके अनुरूप ही जिले के विभिन्न हिस्से में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विदित हो कि विभाग ने राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान डाक सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने के साथ डाक संचालन में तकनीक एवं नवाचार के बढ़ते इस्तेमाल पर विशेष जोर देने को निर्देशित किया है। इस दौरान सभी डाकघरों, डाक कार्यालयों और प्रशासनिक कार्यालयों की साफ-सफाई कराने का भी निर्देश दिया गया है। पुराने होर्डिंग और अनुपयोगी सूचनाओं को हटाकर कार्यालयों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप देने का भी निर्देश है।


