तेली साहू समाज : संगठन से जोड़ने को घर-घर चलेगा अभियान
राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की बैठक साकची के होटल में आयोजित की गई। इसमें सितंबर के कार्यों की समीक्षा और संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। 25 अक्तूबर को नए जिला कार्यालय का उद्घाटन होगा। समाज के घरों में संगठन का झंडा लगाने और सड़क किनारे व्यवसायियों को जोड़ने का निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की मासिक बैठक रविवार को साकची के होटल में जिलाध्यक्ष राकेश साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सितंबर के कार्यों की समीक्षा के साथ क्षेत्रीय कमेटियों से मिली समस्याओं के शीघ्र समाधान और संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 25 अक्तूबर को साकची सब्जी गद्दी, भवन लाइन में संगठन के जिला कार्यालय का उद्घाटन का निर्णय लिया गया। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश, सांसद विद्युतवरण महतो और विधायक पूर्णिमा दास को आमंत्रित किया जाएगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिले के सभी क्षेत्रों में गंजी-झंडा वितरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इसके तहत समाज के प्रत्येक घर पर संगठन का झंडा लगाने की योजना है। वहीं, सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले समाज के लोगों को संगठन से जोड़कर उन्हें गंजी और कोड उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में नीरज साहू को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। जिलाध्यक्ष राकेश साहू ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपते हुए समाज हित में निष्ठा के साथ काम करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि आमसभाओं के माध्यम से घर-घर जाकर समाज के लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा। राकेश साहू ने कहा कि क्षेत्रीय कमेटियों को मजबूत करने के लिए जिला पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह संबंधित क्षेत्रीय अध्यक्ष के घर जाकर संवाद करेंगे। इससे समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। बैठक में मुख्य संरक्षक रंगनाथ प्रसाद, अरविंद साहू, नरेश साहू, मोहन साहू, जिला महासचिव अशोक साहू समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

