आंगनबाड़ी केंद्रों पर गूंजा पोषण का संदेश, कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ जनभागीदारी पर जोर
बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता देने पर दिया गया जोर

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। जिले में कुपोषण, एनीमिया और पोषण संबंधी समस्याओं के खिलाफ जनजागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जिले के सभी 3360 आंगनबाड़ी केंद्रों पर राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया।
पोषण माह का शुभारंभ
आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका, सहायिका, आशा, एएनएम, जीविका दीदियों, अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता देने के साथ परिवार और समुदाय को पोषण के प्रति जिम्मेदार बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पोषण गतिविधियों का आयोजन
जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर पोषण शपथ, पोषण संवाद, संतुलित आहार एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की जानकारी, बच्चों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी, एनीमिया से बचाव तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं।
स्थायी व्यवहार परिवर्तन
आईसीडीएस डीपीओ रश्मि कुमारी ने कहा कि पोषण माह को केवल एक महीने तक चलने वाला अभियान नहीं, बल्कि समुदाय में स्थायी व्यवहार परिवर्तन का माध्यम बनाना है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक पोषण संबंधी सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ परिवारों को सही खान-पान और स्वास्थ्य व्यवहार के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जन आंदोलन का प्रयास
आईसीडीएस पोषण अभियान के जिला परियोजना समन्वयक अश्विनी कौशिक ने कहा कि इस वर्ष पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय के साथ जोड़कर पोषण संबंधी गतिविधियों को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि दीपक मिश्रा ने कहा कि जिले के 3360 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक साथ पोषण माह का शुभारंभ होना अपने आप में एक महत्वपूर्ण पहल है। रिपोर्टर:प्रवीण कुमार

