बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी प्रदान की गई
सीएल मौर्य ... हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी की थीम पर मनाया जा रहा 9वां राष्ट्रीय पोषण माह

ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। जिले के आंगनबाड़ी केंद्र मुबारकपुर में 9 सितंबर से 8 अक्तूबर तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। पोषण माह की मुख्य अवधारणा हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी रखी गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, देखभाल एवं बाल विकास के लिए सामुदायिक भागीदारी एवं जन-जागरूकता का प्रमुख केंद्र बनाना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं एवं अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा बाल विकास से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
पोषण माह के पहले सप्ताह 9 से 15 सितंबर तक आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन थीम के अंतर्गत विभिन्न पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान मिलेट्स यानी मोटा अनाज, दालों एवं हरी सब्जियों से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन, पोषण मेला, बच्चों का वृद्धि मापन तथा पोषण वाटिका की उपज के उपयोग को बढ़ावा दिया गया। अभिभावकों एवं समुदाय को बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी प्रबंधन समिति (एएमसी) की बैठक आयोजित कर आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन एवं सामुदायिक सहभागिता पर चर्चा की गई। साथ ही एसएनपी मेन्यू बोर्ड का प्रदर्शन एवं स्वच्छ आंगनवाड़ी के उद्देश्य से श्रमदान अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएएमवीवाई) के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण, डीबीटी प्रक्रिया तथा योजना के अंतर्गत मिलने वाली किश्तों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।


