पोषण माह में आंगनबाड़ी बनेगा अभियान का केंद्र
मुजफ्फरपुर में 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मंगलवार से शुरू होगा। इस बार का विषय 'हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी' है। अभियान में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग और बच्चों के विकास पर ध्यान दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में मंगलवार से नौवां राष्ट्रीय पोषण माह शुरू होगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। पोषण माह आठ अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर प्रखंड और जिलास्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
इस वर्ष पोषण माह की थीम
इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान के तहत पांच प्रमुख विषयों को केंद्र में रखा गया है। इनमें आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा और गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बच्चों के विकास के लिए पोषण और प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण शामिल हैं।
स्थानीय पौष्टिक भोजन को मिलेगा बढ़ावा
अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल और पर्याप्त प्रोटीन वाले भोजन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिलने वाले ताजा और गर्म पके भोजन की गुणवत्ता और उपयोगिता को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है। बच्चों के पोषण के साथ उनके शुरुआती मानसिक और शारीरिक विकास पर भी जोर रहेगा।
समुदाय की जिम्मेदारी तय करने पर जोर
विभाग ने कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के अलावा संबंधित विभागों, समुदाय, स्वयं सहायता समूहों, विकास साझेदारों और अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल सरकारी व्यवस्था के रूप में नहीं, बल्कि समुदाय की साझा जिम्मेदारी के रूप में विकसित करना है। पोषण माह के दौरान होने वाली गतिविधियों की जानकारी जिला और प्रखंड स्तर के आधिकारिक सामाजिक माध्यमों पर साझा की जाएगी। केंद्र सरकार ने इसके लिए पांच हैशटैग तय किए हैं। विभाग ने प्रचार-प्रसार के लिए उपलब्ध सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री का इस्तेमाल करने का भी निर्देश दिया है।


