मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जिला अस्पताल में जागरूकता शिविर
कन्नौज में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य मानसिक समस्याओं की पहचान करना और समय पर उपचार के लिए लोगों को जागरूक करना था। न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा और अनुजा सिंह की देखरेख में हुए इस शिविर में तनाव, अवसाद और चिंता जैसे लक्षणों की पहचान पर चर्चा हुई। लोगों को चिकित्सकीय मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कन्नौज, संवाददाता। मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला अस्पताल में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा और सचिव अनुजा सिंह के निर्देश पर आयोजित शिविर में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। शिविर में तनाव, अवसाद और चिंता जैसी मानसिक समस्याओं के शुरुआती लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों और झिझक को दूर करना जरूरी है।
किसी भी व्यक्ति में मानसिक परेशानी के लक्षण दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। लोगों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाने, तनाव को नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया। शिविर का आयोजन पैरालीगल वॉलंटियर्स सीमा बानो, शुभा तिवारी, जगदीश यादव, नीतिन सक्सेना, अनेश कन्नौजिया और अदीब अहमद समेत अन्य पीएलवी के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम में जिला अस्पताल के सीएमएस/अधीक्षक सहित चिकित्सकों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। महेंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक, सर्वेश और अरविंद यादव समेत अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।


