युवा देश का भविष्य, नशे से बचाना होगा : जस्टिस प्रसाद
राष्ट्रीय लोक अदालत में पूरे राज्यभर में 24.99 लाख मामले निपटे, 964 करोड़ से अधिक की राशि का सेटलमेंट, 289 बेंचों का गठन

धनबाद/रांची। झालसा के तत्वावधान में शनिवार को पूरे राज्य में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 24,99,985 मामलों का निपटारा किया गया। इनमें 1,60,482 लंबित वाद और 23,39,503 प्री-लिटिगेशन मामले शामिल हैं। साथ ही मौके पर 9,64,05,39,705 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ। त्वरित निपटारे के लिए झालसा द्वारा लगभग 289 बेंचों का गठन किया गया था। इससे पूर्व इस राज्यस्तरीय अभियान का ऑनलाइन उद्घाटन धनबाद के कोयला नगर स्थित अन्नपूर्णा भवन से झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य केवल मामलों का निपटारा करना नहीं, बल्कि लोगों को त्वरित, सुलभ और नि:शुल्क न्याय उपलब्ध कराना भी है।
आपसी सहमति और समझौते से विवादों का समाधान होने पर पक्षकारों का समय और धन दोनों बचता है तथा समाज में सौहार्द कायम रहता है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे की चपेट में आने से रोकना होगा। नशे से केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरा समाज प्रभावित होता है। लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना सभी का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने अनावश्यक विवादों से बचने की भी अपील की। कार्यक्रम में झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पीके श्रीवास्तव भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।धनबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा, उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, अधिवक्ता और पीएलवी उपस्थित थे। मौके पर हजारों लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।


