लोक अदालत में 1.56 लाख वादों का निस्तारण
लोक अदालत के दौरान लाभार्थी को प्रमाण पत्र देते जनपद न्यायाधीश। शाहजहांपुर,संवाददाता। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को जिला विधिक से

शाहजहांपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दीवानी न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
अदालत की अध्यक्षता
जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के 1 लाख 56 हजार 139 वादों का निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने बताया कि विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन 28 हजार 279 वादों का निस्तारण कर 17 करोड़ 87 लाख 57 हजार 665 रुपये जुर्माना वसूला गया।
राजस्व न्यायालयों का योगदान
राजस्व न्यायालयों में एक लाख 29 हजार 895 वादों का निस्तारण हुआ। ऑनलाइन चालान से जुड़े 3,874 मामलों में 2 लाख 85 हजार 900 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। वहीं बैंकों के ऋण से संबंधित 940 प्री-लिटिगेशन मामलों में 7 करोड़ 43 लाख 10 हजार 500 रुपये के ऋण खातों का समझौता कराया गया।
दुर्घटना दावा निस्तारण
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी मोहम्मद रिजवान अहमद ने 205 मोटर दुर्घटना व दो विविध वादों का निस्तारण करते हुए 15 करोड़ 32 लाख 40 हजार 300 रुपये प्रतिकर दिलाने के आदेश दिए। इनमें एक याचिका का एक करोड़ रुपये में सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण ऐतिहासिक रहा।
पारिवारिक न्यायालय का कार्य
परिवार न्यायालय में भी कई मामलों का निस्तारण हुआ। प्रधान न्यायाधीश नरेंद्र कुमार तृतीय ने 28 फौजदारी और 22 वैवाहिक वाद तथा अपर प्रधान न्यायाधीश यासमीन अकबर ने 24 वैवाहिक वाद निस्तारित किए। परिवार न्यायालय ने विवाद सुलझाकर 10 वैवाहिक जोड़ों को साथ रहने के लिए विदा किया।
कार्यक्रम के समापन
लोक अदालत के उद्घाटन के बाद जिला न्यायाधीश ने जिला कारागार, राजकीय बालगृह और विभिन्न विभागों के स्टॉल का उद्घाटन किया। बंदियों और बच्चों द्वारा बनाए गए कपड़े, बैग, पेंटिंग, बेकरी उत्पाद, पूजा सामग्री, गुलदस्ते और अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और ट्राइसाइकिल भी वितरित की गईं।

