पुस्तकालय विज्ञान को डॉक्टर रंगनाथन ने दी नई दिशा
बेतिया, बेतिया कार्यालय राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर गुरुवार को महाराजा हरेन्द्र

बेतिया, बेतिया कार्यालय राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर गुरुवार को महाराजा हरेन्द्र किशोर जिला केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकालय वैज्ञानिक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रंगनाथन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने पुस्तकालय एवं ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. एस. आर. रंगनाथन ने भारत में पुस्तकालय विज्ञान को नई दिशा देने के साथ-साथ पुस्तकालयों को आम लोगों तक ज्ञान पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज के डिजिटल युग में भी उनके विचार और पुस्तकालय संबंधी सिद्धांत अत्यंत प्रासंगिक हैं। वक्ताओं ने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शोधार्थियों और समाज के सभी वर्गों के लिए ज्ञान एवं शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है।कार्यक्रम के दौरान महाराजा हरेन्द्र किशोर जिला केंद्रीय पुस्तकालय के प्रभारी पुस्तकालयाध्यक्ष ज्योति प्रकाश को पुस्तकालय के विकास एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पित भावना से पुस्तकालय के विकास के लिए कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। मौके पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक मुनीन्द्र कुमार झा, राजीव कुमार पाठक, राज कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार, चन्द्रभूषण पाण्डेय, मनजीत कुमार आदि थे।


