डाक विभाग की ‘ढाई आखर’प्रतियोगिता शुरू
भारतीय डाक विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 'ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता' शुरू की है। प्रतियोगिता का विषय 'धरती मां के नाम प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा' है। प्रविष्टियां 31 अक्टूबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। दो आयु वर्गों में पुरस्कार भी दिए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए प्रधान डाकघर से संपर्क करें।

हल्द्वानी, संवाददाता। भारतीय डाक विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता’ शुरू की गई है। उत्तराखंड परिमंडल में भी प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागी ‘धरती मां के नाम प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा’ विषय पर पत्र लिख सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रविष्टियां 31 अक्टूबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। प्रतियोगिता में 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्ग रखे गए हैं। प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी या किसी भारतीय भाषा में पत्र लिख सकते हैं। अंतर्देशीय पत्र में अधिकतम 500 शब्द, जबकि लिफाफे में ए-4 आकार के सादे कागज पर अधिकतम 1000 शब्द लिखने की सीमा है।
प्रविष्टि केवल हस्तलिखित होनी चाहिए। पत्र में प्रतिभागी का नाम, पूरा पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर आदि विवरण दर्ज करना होगा। परिमंडल स्तर पर प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 25 हजार, 10 हजार और पांच हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय 25 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये है। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु के दो वर्ग रखे गए हैं। प्रतियोगिता का विषय इस बार प्रकृति संरक्षण से जुड़ा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की।

