राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में केवीएम पब्लिक स्कूल ने मारी बाजी
फोटो : हल्द्वानी ,संवाददाता। भारत विकास परिषद शाखा की ओर से राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता
हल्द्वानी ,संवाददाता। भारत विकास परिषद शाखा की ओर से राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन यूनिवर्सल कन्वेंट स्कूल, आरटीओ रोड में किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों की 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में समूहगान की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, विशिष्ट अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, क्षेत्रीय वित्त सचिव आरके गुप्ता, क्षेत्रीय संयोजक संस्कार पाला मेहता, प्रांतीय संरक्षक भगवान सहाय अग्रवाल, प्रांतीय संयोजक संस्कार भवानी शंकर नीरज और प्रदीप बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। शाखा अध्यक्ष दीपक बख्शी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा बताई।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सभी टीमों ने हिंदी और संस्कृत में दो राउंड में गायन प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में शर्मिष्ठा बिष्ट, दीपा नंदा और हेमंत जोशी शामिल रहे। प्रतियोगिता में केवीएम पब्लिक स्कूल ने प्रथम, एमैनुएल पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महर्षि विद्या मंदिर और गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। इस दौरान प्रांतीय पर्यवेक्षक गौरव नेगी, मनीष अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, अमित अग्रवाल, एकता अग्रवाल, डॉ. अभिषेक मित्तल, हेमा बिष्ट, विनीत शर्मा, गिरीश केसरवानी, मीनू गुप्ता, नवीन सिंघल समेत भारत विकास परिषद के सदस्य मौजूद रहे।


