ग्रामीणों ने तिरंगे के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

ग्राम पंचायत मोहना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के नीचे विभिन्न धर्मों के समुदाय एकजुट हुए। ग्रामीणों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया और कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय राज्यमंत्री तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करेंगे और विभाजन की विभीषिका कार्यक्रम भी मनाया गया।

ग्रामीणों ने तिरंगे के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्राम पंचायत मोहना में स्थापित 100 फीट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज के नीचे शुक्रवार को सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मोहना, अटेरना और झुग्गी छांयसा के हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए और तिरंगे के प्रति अपनी आस्था एवं सम्मान व्यक्त किया। इसके अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि हमारे मार्ग, परंपराएं और मजहब अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के प्रति हमारा गौरव और सम्मान केवल एक है-भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा। विशाल तिरंगे के नीचे विभिन्न समुदायों के लोगों का एक साथ खड़ा होना अनेकता में एकता की उस भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है, जो भारत की सबसे बड़ी पहचान है। इस अवसर पर देशभक्ति के नारों, राष्ट्रगान और तिरंगा सम्मान कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रबल किया गया। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम हुए

हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की धूम रही। विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्राएं, साइकिल रैलियां, शपथ समारोह, पेंटिंग, रंगोली, क्विज, भाषण और व्याख्यान प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री करेंगे तिरंगा यात्रा का नेतृत्व

राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेवला महाराजपुर, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तिगांव और द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल, सेक्टर-23ए में तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के संदेश दिए। इस दौरान तिरंगे के साथ सेल्फी, देशभक्ति शपथ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सामूहिक वंदे मातरम गायन हुआ। यहां विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। कार्यक्रमों में शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया.

विभाजन की विभीषिका कार्यक्रम आयोजित

होडल में सोमवार 17 अगस्त को सुबह आठ बजे तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर करेंगे। एसडीएम बलीना ने कहा कि तिरंगा यात्रा का आयोजन होडल के जाट हाई स्कूल से लेकर सती सरोवर होडल तक किया जाएगा। उन्होंने तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने तिरंगा यात्रा के मार्ग पर साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पेयजल तथा सुरक्षा सहित अन्य पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

एडवांस्ड शिक्षण संस्थान में जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन सम्मानजनक रूप से मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने की। कार्यक्रम में विभाजन के बाद जीवित बचे पलवल के महानुभावों और उनके परिजनों को सम्मानपूर्वक कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि विपिन बैंसला, उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह छिल्लर सहित अन्य ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पूर्व विपिन बैंसला और उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में लगाई गई भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विपिन बैंसला ने जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष झेलने वाले लोगों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करना तथा युवा पीढ़ी को इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से अवगत कराना है.

अधिक जानकारियों के लिए पूछे जाने वाले प्रश्न

हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य क्या है?
हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और एकता की भावना को जागृत करना है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsग्रामीणों ने तिरंगे के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया