सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप में पदकों के लिए भिड़े देशभर के युवा फेंसर
दिल्ली पब्लिक स्कूल में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के पांचवें दिन युवा फेंसरों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने तेज फुटवर्क, सही आक्रमण और मजबूत बचाव दिखाते हुए मुकाबलों में भाग लिया। प्रतियोगिता का समापन दो अक्तूबर को होगा।

रुद्रपुर, संवाददाता। दिल्ली पब्लिक स्कूल में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के पांचवें दिन देशभर से पहुंचे युवा फेंसरों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न वर्गों के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेज फुटवर्क, सटीक आक्रमण, मजबूत बचाव और प्रभावी रणनीति के दम पर पदकों के लिए जोरदार संघर्ष किया। मुकाबलों के दौरान प्रतियोगिता परिसर में उत्साह और खेल भावना का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता के परिणाम
पांचवें दिन कैडेट महिला एपी, सब-जूनियर पुरुष फॉयल, सब-जूनियर पुरुष सेबर और सब-जूनियर महिला सेबर वर्ग के मुकाबले हुए। कैडेट महिला एपी वर्ग में तविशा चौहान ने स्वर्ण, परमिता रानी ने रज, प्राची रानी और केनिया देवी गुरुआरिबाम ने कांस्य पदक जीता। सब-जूनियर पुरुष फॉयल में उज्ज्वल रावत ने स्वर्ण, तनमय शर्मा ने रजत, प्रभदीप सिंह और नविश भारद्वाज ने कांस्य पदक हासिल किया। सब-जूनियर पुरुष सेबर में आयुष्मान भट्ट ने स्वर्ण, शानल कुमार ने रजत, अंशुमान राठौर और निशोन राज एम. ने कांस्य पदक जीता। सब-जूनियर महिला सेबर में अली शाहनूर ने स्वर्ण, उर्वी खरब ने रजत, शारन्या ललित डेर्ले और जपजी कौर ढिल्लों ने कांस्य पदक हासिल किया।
विशिष्ट अतिथि
आयोजन में उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट विशिष्ट अतिथि रहीं। उनके साथ उत्तर प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन की एडहॉक समिति के सदस्य अमिताभ राय, रोटरी क्लब रुद्रपुर के अविजीत सिंह समेत अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। हार्मनी क्लब रुद्रपुर और हेल्पिंग हैंड्स टीम के सदस्यों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। प्रतियोगिता का समापन दो अक्तूबर को होगा।


