आईएफटीएम में इंजीनियर्स डे पर हुई ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता
आईएफटीएम विवि के यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक में नेशनल इंजीनियर्स डे के अवसर पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 210 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। सिविल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस के छात्रों ने क्रमशः पहले तीन स्थान प्राप्त किए। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

आईएफटीएम विवि के यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक में नेशनल इंजीनियर्स डे के अवसर पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता हुई। विभिन्न विभागों के 210 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने तकनीकी ज्ञान एवं कौशल का प्रदर्शन किया। क्विज में इंजीनियरिंग, उभरती प्रौद्योगिकियों तथा भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के जीवन से जुड़े प्रश्न पूछे गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सिविल इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के छात्र मोहम्मद उरूज ने प्रथम, सिविल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के मोहम्मद कविश ने द्वितीय और कंप्यूटर साइंस द्वितीय वर्ष के मोहम्मद मोनिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संजीव अग्रवाल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं।
सह संयोजिका एवं यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक की अपर निदेशिका डॉ. नीलू त्रिवेदी ने कहा कि इंजीनियर समाज की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान खोजने वाले राष्ट्र-निर्माता होते हैं। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रतिकुलपति डॉ. वैभव त्रिवेदी ने कहा कि समस्या का समाधान ही सच्ची इंजीनियरिंग है। अंत में समन्वयक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने आभार जताया।


