मॉडर्न पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर हुई कार्यशाला
मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 पर आधारित एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नई शिक्षा नीति के सिद्धांतों को शिक्षकों तक पहुंचाना और उन्हें लागू करने के लिए तैयार करना था। विद्यालय की निदेशिका ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देने की बात की।

कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 पर आधारित एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नई शिक्षा नीति के मूल सिद्धांतों को शिक्षकों तक पहुंचाना तथा उन्हें कक्षा शिक्षण में व्यावहारिक रूप से लागू करने के लिए तैयार करना था।
कार्यशाला का उद्देश्य
विद्यालय की निदेशिका संगीता शर्मा ने कहा कि मॉडर्न पब्लिक स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का संकल्प है कि प्रत्येक विद्यार्थी आत्मविश्वास और उच्च नैतिक मूल्यों के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बने।
शिक्षकों को संबोधन
विद्यालय के प्राचार्य गुरुचरण वर्मा ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है ताकि कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, रटाने के बजाय समझाने की पद्धति अपनाने तथा नई तकनीकों एवं नवाचारी गतिविधियों को शिक्षण प्रक्रिया में शामिल करने पर बल दिया।
मुख्य वक्ता की चर्चा
कार्यशाला के मुख्य वक्ता चंद्र प्रकाश ने ‘समावेशी एवं योग्यता आधारित शिक्षा’ विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रमुख लक्ष्य समाज के हर वर्ग और हर क्षमता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।


