टीएमएच नोवामुंडी व जोड़ा के चिकित्सकों को किया सम्मानित
नेशनल डॉक्टर डे के अवसर पर टाटा स्टील जोड़ा के वैली क्लब में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि डीबी सुंदर रामम और संदीप कुमार ने डॉक्टरों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में सुरक्षा संकल्प और नैतिकता की शपथ दिलाई गई। चिकित्सकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

नोवामुंडी, संवाददाता। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को टाटा स्टील जोडा के वैली क्लब प्रेक्षागृह में एक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डीबी सुंदर रामम, उपाध्यक्ष, कॉर्पोरेट सर्विसेज टाटा स्टील तथा विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्ष रॉ मैटेरियल्स टाटा स्टील संदीप कुमार थे। दोनों अतिथियों ने कहा कि डॉक्टर समाज के सच्चे जीवनरक्षक हैं। उनका समर्पण, विशेषकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में, पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में डॉक्टर विनीता सिंह जीएम मेडिकल सर्विसेज, देवाशीष जेना जीएम ओएमक्यू, डॉक्टर धीरेन्द्र कुमार सीएमओ ओएमक्यू के अलावा टाटा मेन हॉस्पिटल नोवामुंडी एवं जोड़ा के चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ डॉ. उमंग भारद्वाज द्वारा सुरक्षा संकल्प से हुआ। टाटा स्टील में जुलाई माह को एथिक्स माह के रूप में मनाए जाने के अवसर पर निशिकांत सिंह ने उपस्थित जनसमूह के बीच नैतिकता की शपथ दिलाई। डॉ. एएस चटर्जी ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने गीत, नृत्य, हास्य प्रस्तुति एवं नाट्य मंचन के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टाटा मेन हॉस्पिटल, जोडा के प्रभारी डॉ. तापस सारंगी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


