यूपी में नौ करोड़ से अधिक को खिलाई जाएगी कीड़े मारने की दवा
-राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 10 अगस्त को स्कूलों-आंगनबाड़ी पर होंगे विशेष

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का वर्तमान चरण प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 10 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। छूटे हुए लाभार्थियों को टैबलेट एल्बेण्डाजोल 14 अगस्त को मापअप दिवस को खिलाई जाएगी। वर्तमान चरण में लगभग 9.92 करोड़ बच्चों को कृमि मुक्त किये जाने का लक्ष्य है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बुधवार को चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने सभी सहयोगी विभागों के अधिकारियों संग बैठक की।
कार्यक्रम की योजना
निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन समस्त विद्यालयों एवं आगंनबाड़ी केन्द्रों पर किया जाएगा। समस्त लाभार्थी अभियान के दिन टैबलेट एल्बेण्डाजोल खाना सुनिश्चित करें। प्रदेश में एस से 19 वर्ष के बच्चों में पेट के कीड़ों की व्यापकता लगभग 58.8 प्रतिशत है। अभियान का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगरीय क्षेत्रों एवं सरकारी व प्राइवेट विद्यालयों में भी प्रमुखता से किया जाएगा। 10 अगस्त को समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विशेष शिक्षक अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अभिभावकों के सामने ही बच्चों को टैबलेट एल्बेण्डाजोल की गोली शिक्षक द्वारा अपनी निगरानी में खिलाई जाए। इसी प्रकार आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकत्री द्वारा 10 अगस्त को विशेष आंगनवाड़ी मातृ बैठक का आयोजन कर बच्चों को दवा खिलाई जाए।
दवा न खिलाने वालों से लें प्रमाणपत्र
उन्होंने निर्देश दिए कि निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के ऐसे अभिभावक जो विद्यालय में बच्चों को पेट के कीड़े की दवा खिलाने में असहज महसूस कर रहे हैं, उनसे प्रमाणपत्र लिया जाये कि उनके द्वारा किसी भी चिकित्सक के सामने टैबलेट एल्बेण्डाजोल खिला दी गयी है। ऐसे बच्चों को डीवार्मिंग से आच्छादन की श्रेणी में माना जाए। बैठक में एनएचएम यूपी की मिशन निदेशक डा. पिंकी जोवल, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. पवन कुमार अरुण, डीजी परिवार कल्याण उज्ज्वल कुमार मौजूद रहे।


