गीर क्रॉस ने दिखाया दम, 34 किलो दूध देकर रही अव्वल
वाराणसी में हुए ‘रंगीलो काशी’ के नंदी शो में विभिन्न नस्लों की गायों की दूध उत्पादन क्षमता का प्रदर्शन हुआ। गीर क्रॉस की गाय ने सबसे अधिक 32.62 किलो दूध देकर पहला स्थान प्राप्त किया। हर विजेता को ढाई लाख रुपये का पुरस्कार मिला। कई नस्लों ने विभिन्न पुरस्कार जीते।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बीएचयू में आयोजित ‘रंगीलो काशी’ के नंदी शो में देशभर की उन्नत नस्लों की गायों की दुग्ध क्षमता का प्रदर्शन हुआ। शो में साहीवाल, थारपारकर, गंगा तीरी, गीर और मुर्रा समेत विभिन्न नस्लों की गाएं लाई गई थीं। अलग-अलग नस्ल में अलग-अलग पुरस्कार दिया गया।राजस्थान के अजमेर के दिनेश गुर्जर की गीर क्रॉस (एचएफ क्रॉस) गाय सबसे अधिक 32.62 किलो दूध देकर पहले स्थान पर रही। गाय लेकर आए मुन्ना यादव ने कहा कि इसकी कीमत करीब 11 लाख रुपये है। 24 घंटे में 52 किलो तक दूध देती है। करीब 1100 किलोमीटर की लंबी यात्रा करके वाराणसी पहुंचने के कारण मेले में उसकी दुग्ध क्षमता अपेक्षाकृत कम रही।
इसके बावजूद प्रदर्शित पशुओं में गीर क्रॉस ने सर्वाधिक दूध दिया। गीर नस्ल में हरियाणा के जींद के विनोद कुमार की गाय ने 17.7 किलो दूध देकर पहला स्थान हासिल किया। थारपारकर नस्ल में मुजफ्फरनगर की प्रियांशी राठी की गाय 16.39 किलो दूध देकर अव्वल रही। गंगा तीरी नस्ल में वाराणसी के शहंशाहपुर निवासी प्रहलाद सिंह की गाय ने 18.5 किलो दूध देकर पहला स्थान पाया। साहीवाल नस्ल में हरियाणा के करनाल के राम सिंह की गाय 18.2 किलो दूध के साथ प्रथम रही। वहीं मुर्रा नस्ल में आजमगढ़ के मिर्जा एजाज बेग उर्फ गुड्डू की भैंस ने 26.960 किलो दूध देकर पहला स्थान हासिल किया। प्रत्येक विजेता पशुपालक को ढाई लाख रुपये का पुरस्कार मिला।

