देवघर में पहली बार जुटे देशभर के कार्डियो-डायबिटीज विशेषज्ञ
जसीडीह। देवघर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में डॉक्टरों की पारंपरिक क्लिनिकल कौशल को संरक्षित करने के लिए हृदय रोग और मधुमेह विशेषज्ञों का तीन दिवसीय सम्मेलन चल रहा है। यह सम्मेलन 2 से 4 अक्टूबर तक चल रहा है, जिसमें 400 से अधिक डॉक्टर और 90 चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हैं।

जसीडीह। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में डॉक्टरों के पारंपरिक क्लिनिकल कौशल को कैसे संरक्षित रखा जाए, इस मुद्दे पर देशभर के हृदय रोग और मधुमेह विशेषज्ञों ने देवघर में मंथन शुरू किया है। जसीडीह अवस्थित मैहर गार्डन रिसॉर्ट में शुक्रवार को क्लिनिकल कार्डियोडायबिटिक सोसाइटी ऑफ इंडिया के तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। 2 से 4 अक्टूबर तक चलने वाले सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 400 डॉक्टर और 90 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य विषय एआई के युग में क्लिनिकल कौशल का संरक्षण है। कार्यक्रम की शुरुआत सुजलाम-सुफलाम और वंदे मातरम के गायन से हुई। उसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। आयोजन समिति के सचिव डॉ. डी. तिवारी ने कहा कि देवघर में पहली बार इस स्तर के राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। सम्मेलन में देशभर से आए हृदय रोग और मधुमेह विशेषज्ञ अपने अनुभव, शोध और उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा कर रहे हैं。
मरीज से संवाद और शारीरिक जांच अब भी जरूरी :-
सम्मेलन में डॉ. धनवंतरी तिवारी, डॉ. आरएन प्रसाद, डॉ. सिकंदर, डॉ. केके लोहानी, डॉ. गौरी शंकर, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. हेमशंकर शर्मा समेत अन्य विशेषज्ञों ने कहा कि एआई और आधुनिक चिकित्सा उपकरण बीमारी की पहचान और उपचार में डॉक्टरों की मदद कर रहे हैं। हालांकि, तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच चिकित्सकों के मूल क्लिनिकल कौशल को बनाए रखना भी जरूरी है। मरीज से बातचीत कर उसकी पूरी हिस्ट्री लेना, लक्षणों को समझना, शारीरिक जांच करना और चिकित्सकीय अनुभव के आधार पर बीमारी की पहचान की दिशा में आगे बढ़ना चिकित्सा प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विशेषज्ञों ने कहा कि हर मरीज के लिए अनावश्यक जांच को उपचार का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। डॉक्टर को पहले मरीज का क्लिनिकल मूल्यांकन करना चाहिए और उसके बाद जरूरत के अनुसार जांच करानी चाहिए। इससे मरीजों को अनावश्यक जांच से बचाने के साथ उपचार को अधिक तर्कसंगत और सहज बनाने में मदद मिलेगी।
94 शोध-पत्रों पर होगी चर्चा :-
तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े 94 शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें दो शोध-पत्र लंदन से ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जाएंगे। देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ हृदय रोग और मधुमेह के उपचार, नए शोध, बदलती चिकित्सा पद्धतियों और अपने अनुभवों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में आधुनिक चिकित्सा तकनीक और चिकित्सकों के पारंपरिक कौशल के बीच बेहतर संतुलन बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, एआई चिकित्सा प्रक्रिया में उपयोगी सहयोगी साबित हो सकता है, लेकिन मरीज के साथ संवाद, उसकी हिस्ट्री, शारीरिक जांच और चिकित्सकीय अनुभव की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी। आयोजकों के अनुसार, देवघर में पहली बार इस स्तर के राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन का आयोजन स्थानीय चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सम्मेलन में होने वाले विचार-विमर्श से हृदय रोग और मधुमेह के मरीजों को बेहतर और तर्कसंगत चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल को बल मिलेगा।
एक नजर में सम्मेलन :-
- 2 से 4 अक्टूबर तक राष्ट्रीय सम्मेलन
- करीब 400 डॉक्टरों का जुटान
- 90 से अधिक विशेषज्ञ ले रहे हैं भाग
- 94 शोध-पत्र होंगे प्रस्तुत
- दो शोध-पत्र लंदन से ऑनलाइन प्रस्तुत


