जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 12 अक्टूबर को
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार और गोल्डन न्यू एरा एजुकेशनल एंड सोशल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 12 अक्टूबर को बागेश्वर में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन होगा। इस वर्ष का विषय ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी’ है। प्रतिभागियों को शोध कार्य प्रस्तुत करना होगा और शीर्ष नौ शोध पत्र राज्य स्तर पर भेजे जाएंगे।

देवेंद्र पांडे, बागेश्वर। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार और गोल्डन न्यू एरा एजुकेशनल एंड सोशल सोसायटी, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जनपद स्तरीय आयोजन 12 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार में होगा। जनपद समन्वयक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस एवं प्रधानाचार्य पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज के दीप चंद्र जोशी ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य विषय ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी’ है। इसके तहत पांच उप-विषयों में से किसी एक पर शोध कार्य करना होगा। इनमें कचरा प्रबंधन के लिए आर-5 मॉडल, ऊर्जा के लिए ई-4 मॉडल, जल संचय एवं विवेकपूर्ण उपयोग, पुनर्चक्रण एवं संरक्षण, खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा का उपयोग शामिल है।
उन्होंने बताया कि आयोजन दो वर्गों कनिष्ठ और वरिष्ठ में होगा। प्रत्येक समूह में दो छात्र-छात्राएं होंगे, जिसमें समूह प्रमुख शोध कार्य का प्रस्तुतीकरण करेगा। आयोजन में वही बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर सकेंगे, जिन्होंने निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। सभी प्रतिभागियों के लिए अपने प्रोजेक्ट को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। विशेषज्ञों द्वारा इनका ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। जनपद स्तर पर चयनित नौ श्रेष्ठ शोध पत्रों को राज्य स्तर के लिए भेजा जाएगा।


