‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ का संकल्प लेकर दिया चरित्र निर्माण का संदेश
विकासनगर में 145वें स्कूल कार्यक्रम के तहत सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरबर्टपुर में छात्रों ने 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और चरित्र निर्माण की प्रेरणा दी गई। निदेशक डॉ. सैनी ने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत स्वार्थ को त्यागकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
विकासनगर। राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के तहत सोमवार को सेपियंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरबर्टपुर में 145वां स्कूल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के निदेशक डॉ. रविन्द्र कुमार सैनी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र और राष्ट्र के प्रति निष्ठा में निहित होती है। विद्यार्थियों को ‘मनी फर्स्ट’ के बजाय ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, पीसीएस, आईपीएस या राजनेता किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें।
कर्तव्यों और राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान देने से ही विकसित और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।डॉ. सैनी ने ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश के राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रभक्तों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के नायकों के योगदान को जानने और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। स्वदेशी जागरण अभियान के विभाग संयोजक रघुनाथ सिंह ने विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में राष्ट्रहित का महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय की निदेशक रश्मि गोयल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और चरित्र निर्माण जैसे विषयों पर होने वाले कार्यक्रम उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान उन्हें दैनिक जीवन में देशहित, अनुशासन, स्वदेशी भावना और सकारात्मक सोच को अपनाने का संदेश दिया गया।

