सम्मानित होंगे जिले के चार पुलिसकर्मी समेत आधा दर्जन रक्तवीर
अयोध्या धाम में रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान महोत्सव में समाजसेवा में उत्कृष्टता के लिए चार रक्तवीरों को राष्ट्रीय सेवारत्न से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में भारत के कई राज्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान के समाजसेवी भी शामिल होंगे। रक्तवीरों ने हजारों जिंदगियों को बचाने में योगदान दिया है।

भलुअनी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। अयोध्या धाम में रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन द्वारा 11 से 13 सितम्बर तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं सेवारत्न सम्मान समारोह में स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी यूथ ब्रिगेड के चार रक्तवीर सदस्यों पुलिस विभाग के सौरभ त्रिपाठी, अरविंद यादव, रणजीत प्रजापति, सादिक परवेज व विशाल मद्धेशिया, डा. रविकांत मणि त्रिपाठी को समाज एवं मानवता सेवा को राष्ट्रीय सेवारत्न से सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव में भारत के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों सहित नेपाल, भूटान तथा अन्य देशों के समाजसेवी शामिल होंगे। आयोजक आकाश गुप्ता ने देवरिया के उक्त रक्तवीरों को पत्र भेजकर आमंत्रित किया है। इसमें आयोजित वृहद रक्तदान शिविर में जिले के सभी रक्तवीर अपना रक्तदान भी करेंगें।
निफा देवरिया के जिलाध्यक्ष एवं स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी यूथ ब्रिगेड के संस्थापक सन्तोष मद्धेशिया वैश्य ने चयनित सभी रक्तवीरों को बधाई देते हुए रक्तदान के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। कहा कि ऐसे रक्तवीरों की सेवा से एक हजार यूनिट रक्तदान कर हजारों जिंदगी बचाने का प्रयास किया गया है। वर्ष 2023 में इस महोत्सव में मुख्य अतिथि ओलंपिक पदक विजेता पूर्व भारतीय हाकी कप्तान मेजर अशोक ध्यानचंद ने सन्तोष मद्धेशिया वैश्य, वर्ष 2024 में विशाल मद्धेशिया एवं 2025 में सौरभ त्रिपाठी को यह सम्मान मिल चुका है।


